श्रीनगर : केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में पुलिस ने एक लड़की का पीछा करने, उसे परेशान करने और डराने-धमकाने के आरोप में दो लोगों को रविवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने कहा कि स्कूटी पर सवार दो लड़कों ने कल एक लड़की का पीछा किया और उसे परेशान किया। लड़कों ने लड़की के खिलाफ अश्लील इशारे और कमेंट्स किए थे।
पुलिस ने कहा कि लड़की ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर घटना के बारे में पोस्ट किया था और बाद में एक लिखित आवेदन के साथ नेहरू पार्क पुलिस चौकी भी पहुंची। शिकायत मिलने पर राम मुंशी बाग थाने में कानून की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
आरोपी लड़कों की पहचान साकिब महराज शेख और फैजान यूसुफ शेख के रूप में की गई है, दोनों कनीदीवर हवाल के निवासी हैं, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनकी स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया है। दोनों को पुलिस रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा।
श्रीनगर पुलिस ने लोगों से महिलाओं के उत्पीड़न के खिलाफ आगे आने का आग्रह किया। पुलिस ने आम जनता को सलाह दी कि ऐसी सभी घटनाओं पर कार्रवाई के लिए पुलिस को सूचित करें।
लड़की के साथ छेड़छाड़ के दो आरोपी गिरफ्तार
