खटीमा/नैनीताल : उत्तराखंड के खटीमा में चिट फंड कंपनी में निवेश के नाम पर लाखों रूपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने मुरादाबाद उप्र से गिरफ्तार किया है। चार आरोपी अभी फरार हैं। खटीमा पुलिस की ओर से आज इस मामले का खुलासा करते हुए बताया गया कि मुरादाबाद उप्र के कुछ लोगों ने खटीमा में सर माउंट फार्मिंग इंडिया प्राइवेट लि0 एवं सर माउंट इंडिया निधि लि0 चिटफंड कंपनी खोली और लोगों से कंपनी में निवेश के नाम पर 70 से 80 लाख की ठगी कर ली। इसके बाद आरोपी फरार हो गये।
पिछले साल 21 फरवरी, 2022 को बानूसी गांव निवासी सत्यपाल सिंह की ओर से खटीमा पुलिस को इस मामले में एक शिकायती पत्र सौंपा गया। पुलिस ने ओमपाल एवं उसकी पत्नी ललिता देवी निवासी गली नंबर-01 शिव मंदिर, कुंदनपुर, मझौला, मुरादाबाद, फूल सिंह निवासी प्रकाश नगर, लाइनपार, मझौला, मुरादाबाद, सुशील कुमार निवासी कटघर, मुरादाबाद, भगवान दास गंगवार निवासी 62 शाहपुर, मुरादाबाद और राधेश्याम निवासी लाइन पार मझौला मुरादाबाद के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया।
साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये एक पुलिस टीम का गठन कर लिया गया। पुलिस आरोपियों की लंबे समय से तलाश करती रही। टीम ने शनिवार 27 मई को दो आरोपी ओमपाल और फूल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपियों ने चिटफंड कंपनी में निवेश के नाम पर 70 से 80 लाख रुपये की ठगी की है। जांच अभी जारी है। पुलिस फरार चार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
लाखों की ठगी करने वाले दो गिरफ्तार
