हैदराबाद : तेलंगाना में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक उप-पंजीयक और उनके एक अधीनस्थ को 60,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। पेड्डापल्ली में उप-पंजीयक के पद पर कार्यरत आरोपी अधिकारी देवगरी निर्मला (37) को एसीबी की करीमनगर इकाई ने मंगलवार को शाम पांच बजे उनके कार्यालय में रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। आरोपी ने शिकायतकर्ता पुदारी श्रीनिवास से “शिकायतकर्ता और खरीदारों के बीच बिक्री विलेख दर्ज करने और खरीदारों के बीच विभाजन विलेख” के मामले में सहयोग करने के लिए रिश्वत राशि की मांग की थी। इस मामले में सुड्डला श्रीनिवास (43) ने मध्यस्थ के रूप में काम किया और उनकी ओर से रिश्वत प्राप्त की गयी।
एसीबी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि आरोपी अधिकारियों ने अपने सार्वजनिक कर्तव्य को अनुचित और बेईमानी से निभाया। रिश्वत की रकम सुदला श्रीनिवास के कहने पर उनके कब्जे से बरामद की गई। उप-पंजीयक और उनके अधीनस्थ को गिरफ्तार करके करीमनगर में एसपीई और एसीबी केस कोर्ट के विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश किया गया।
उप-पंजीयक सहित दो रिश्वत लेते गिरफ्तार
