भरतपुर : राजस्थान के धौलपुर में डकैत केशव गुर्जर की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिलने की जानकारी प्राप्त हुई है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि केशव की गिरफ्तारी के चार दिन बाद धौलपुर पुलिस ने उसके दो भाइयों को भी गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक 25 हजार रुपए का इनामी डकैत है। पकड़े गए आरोपियों पर विधायक को मारने की साजिश का भी आरोप है।
शनिवार को पुलिस द्वारा की गई इस कार्यवाही के बारे में प्राप्त जानकारी के अनुसार डकैत शीशराम गुर्जर और छोटू की गिरफ्तारी सोने का गुर्जा क्षेत्र में पीली कछार के पास से हुई।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार केशव के साथ मुठभेड़ और उसकी गिरफ्तारी के बाद से ही पुलिस फोर्स ने पूरे एरिया में सर्च अभियान चलाया हुआ है। मुठभेड़ के दौरान भागे बाकी अपराधियों की भी तलाश की जा रही है। जब तक गैंग के सभी मेंबर पकड़े नहीं जाते तब तक अभियान जारी रहेगा क्योंकि पुलिस ने जंगल को चारों ओर से घेरा हुआ है।
गौरतलब है कि 30 जनवरी को केशव को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने अगले ही दिन उसके भाई नरेश गुर्जर और साथी बंटी पंडित को गिरफ्तार किया था। वहीं शीशराम गुर्जर की तलाश की जा रही थी क्योंकि भरतपुर के बयाना थाना क्षेत्र में शीशराम ने अपने भाई की गैंग में शामिल होकर पहली लूट की वारदात को अंजाम दिया था।
25 हजार रुपए के इनामी डकैत सहित दो गिरफ्तार
