रूद्रपुर/नैनीताल : उत्तराखंड की ऊधम सिंह नगर पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अब तक की सबसे बड़ी खेप के साथ नशे के दो सौदागरों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मणिकांत मिश्रा के अनुसार सितारगंज पुलिस को लंबे समय से क्षेत्र में नशीली दवाओं की बिक्री के संबंध में सूचना मिल रही थी। इसके बाद पुलिस सक्रिय हो गयी और गोपनीय तरीके से नशीली दवाओं के सौदागरों पर नजर रखनी शुरू कर दी।
मुखबिर की सूचना पर बुधवार रात सितारगंज के थाना प्रभारी भूपेन्द्र सिंह बृजवाल की अगुवाई में एक टीम ने सिसैया कस्बे के राजेश मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। मेडिकल स्टोर और एक अन्य दुकान में छिपा कर रखे गये 153176 नशीले कैप्सूल, 5949 नशीले इंजेक्शन और 57050 नशीली टेबलेट बरामद किये।
मेडिकल स्टोर संचालक राजेश कुमार और हरपाल सिंह निवासीगण ग्राम मखवाना, थाना सितारगंज, जिला ऊधम सिंह नगर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद प्रतिबंधित दवाइयों की यह उत्तराखंड में सबसे बड़ी खेप मानी जा रही है। आरोपियों के खिलाफ सितारगंज थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है और कार्रवाई की जा रही है।
प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बड़ी खेप के साथ दो गिरफ्तार
