शिवपुरी : मध्यप्रदेश के शिवपुरी के गुरुद्वारा चौक के पास एक बस्ती में स्थित छतरी जैन मंदिर से अज्ञात चोरों द्वारा दो अष्टधातु की प्रतिमाएं एवं मंदिर की गुल्लक से नगद राशि चुरा ली गयी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आज सुबह इसकी सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल एवं कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। देहात थाना अंतर्गत इस जैन मंदिर में कल रात्रि हुयी चोरी की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच प्रारंभ किया तथा सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं। अज्ञात चोरों का पता लगाने के लिए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की है। दोनों चोरी गई प्रतिमाएं अष्ट धातु की बताई गई हैं तथा मंदिरों में रखे दानपात्र से भी नगद राशि चोरी होना भी बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
