भदोही : उत्तर प्रदेश में भदोही जिले के औराई क्षेत्र में रविवार को दो बाइकों की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गयी जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जीटी रोड स्थित घोसिया फ्लाईओवर के पास दक्षिणी लेन पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में दो की मौत हो गई। जेठूपुर निवासी प्रमोद कुमार दलित का सबसे छोटा लड़का प्रदीप कुमार (17) अपनी माता तारा देवी को बाइक पर बैठाकर रिश्तेदारी में पड़ी शादी के सामान के लिए घोसिया बाजार गया था। सामान की खरीददारी करने के बाद वह मां को घर छोड़कर पुनः अपने पड़ोसी रवी (22) के साथ बाजार चला गया। बाजार से लौटते समय घोसिया फ्लाईओवर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई।
दुर्घटना में वह बुरी तरह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे सीएचसी ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।जबकि रवि का इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। दूसरी बाइक सवार पुनीत शुक्ला (26) निवासी भवानीपुर थाना औराई को भी गंभीर चोटें आई। गंभीर अवस्था में उसे औराई के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वाराणसी जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुनीत का एक लड़का व दो लड़कियां हैं जिन सभी की उम्र एक से चार वर्ष के बीच है। उसके छोटे भाई धीरज की आगामी 10 मई को शादी होने वाली थी। शादी के सिलसिले में वह बाजार खरीदारी के लिए गया था।
