उदयपुर : राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने डूंगरपुर कोतवाली के एक हैड कांस्टेबल जय सिंह के लिए 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते दो दलालों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ब्यूरो के सूत्रों के अनुसार परिवादी ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसके पुत्र एवं अन्य तीन अन्य के विरुद्ध मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कार्यवाही नहीं करने के एवज में हैड कांस्टेबल ने पहले 1 लाख 20 हज़ार रूपये मांगे, जिसमे से 40 हज़ार रूपये वही डरा धमका कर ले लिए गए और प्रत्येक के 20,000 रूपये और मांगे गए।
यह राशि थानाधिकारी के नाम से मांगी गई। शिकायत के सत्यापन के ट्रेप की कार्यवाही की गई। जिसमे परिवादी को 15000 रूपये लेकर दलाल राहुल की चाय की थडी पर भेजा गया जहाँ राहुल की अनुपस्थिति में उसके भाई राजू को रिश्वत राशि दी गई। इसके बाद ब्यूरो टीम ने उसे रंगे हाथो गिरफ्तार किया, इसी कड़ी में राहुल को भी गिरफ्तार कर लिया है जबकि मुख्य अभियुक्त हेड कांस्टेबल जय सिंह फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
