गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बहन के घर जा रहे दो भाइयों की कार दुर्घटना में मौत

जौनपुर : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के जासोपुर के पास शाहगंज- जौनपुर मार्ग पर बीती देर रात एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों भाई बहन के गांव छबीलेपुर जा रहे थे।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि चालक कार छोड़कर फरार हो गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के अनुसार जिले में सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कोठवार निवासी 32 वर्षीय विशाल व 35 वर्षीय आनंद गौतम मोटरसाइकिल से बीती रात करीब 12 बजे बहन के गांव छबीलेपुर जा रहे थे।

तभी रास्‍ते में शाहगंज जौनपुर मार्ग पर जासोपुर के पास पूर्वांचल विश्वविद्यालय की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। जिससे विशाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आनंद गौतम को गंभीर अवस्था में पुलिस ने जिला अस्पताल उपचार के लिए भेजा। जहां पर इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
कार चालक कार को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। पूर्वांचल विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी संतोष कुमार यादव ने बताया कि कार चालक की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *