अजमेर : राजस्थान में अजमेर जिले के जवाजा थानाक्षेत्र के काबरा ग्राम पंचायत के मेघातो के बाड़िया गांव स्थित नाड़ी के पानी में डूबने दो नाबालिगों की अकाल मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार आज सुबह बकरियां चराने निकले दोनों नाबालिग नहाने के लिए नाड़ी में चले गये । पहले एक गया , उसे डूबता देख बचाने की नियत से दूसरा भी नाड़ी में चला गया। जहां दोनों गहरे पानी में जाने के चलते डूबकर मौत के मुंह में समा गये ।
मृतकों में राहुल(14) तथा पूरन (14) हैं। घटना की सूचना पर थानाधिकारी राजेंद्र ताड़ा मय जाप्ते घटना स्थल पहुंचे और दोनों के शवों को नाड़ी से बाहर निकलवाकर राजकीय अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों बच्चों के शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया है।
