कोडरमा : झारखंड में कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के मीरगंज पंचायत के झरगांव में रविवार को बारिश के पूर्व हुए वज्रपात से दो बच्चों की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि बच्चे अन्य दिनों की भांति घर के बाहर खेल रहे थे। खेलने के दौरान यह घटना घटी। बारिश के पूर्व ही एकाएक वज्रपात हुई और मौके पर ही एक बच्चे की मौत हो गई। वहीं, दूसरे की इलाज के लिए ले जाने के क्रम में रास्ते में हो गई।
इस बीच परिजन वज्रपात से घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने ऋतु कुमारी एवं बालवीर कुमार को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायल सितम कुमार का प्राथमिक उपचार किया गया।
घटना की सूचना पाकर प्रखंड विकास पदाधिकारी बैधनाथ उरांव एवं सतगावां थाना प्रभारी आनंद कुमार साह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरी तरफ ग्राम पंचायत कटैया में खेत में काम करने के दौरान वज्रपात से एक बच्चे सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनका उपचार नवादा जिले के गोविंदपुर स्थित निजी क्लीनिक में कराया जा रहा है।
