सिवनी : मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के केवलारी विकासखंड अंतर्गत आज शाम पिता के साथ ट्रैक्टर धोने पीपरताल बांध गए दो बच्चे बांध में डूब गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस के साथ स्थानीय गोताखोर बांध में डूबे दोनों बच्चों की तलाश कर रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के ग्राम बेलगांव निवासी विजय रिनायत अपने दो बेटे प्रांशु (13) और प्रतीक (11) को साथ लेकर स्वयं का ट्रैक्टर धोने के लिए बेलगांव और पीपरताल के बीच स्थित बांध गए थे। शाम को ट्रैक्टर धोने के बाद पिता ट्रैक्टर लेकर बांध की पार पर चला गया। इस दौरान उसके दोनों बेटे हाथ धोने के लिए बांध की ओर लौट गए। करीब आधा घंटा तक जब दोनों बेटे वापस नहीं आए तो पिता ने बांध के पास जाकर उनकी तलाश की, लेकिन दोनों बेटों का कहीं पता नहीं चला।
दोनों बेटों के नहीं मिलने पर पिता ने शोर मचाया। इस पर आसपास के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए। वहीं, घटना की सूचना उगली थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बांध में डूबे दोनों बच्चों की तलाश शुरू की। अंधेरा होने के कारण तलाश के काम में दिक्कतें होने के कारण बच्चों का कोई पता नहीं चल पाया था।
उगली थाना प्रभारी एसएस भारद्वाज ने बताया है कि मौके पर पुलिस बल मौजूद है। साथ ही गांव वालों की मदद से दोनों बच्चों की तलाश की जा रही है। अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया है कि बांध के आसपास काफी अंधेरा होने के कारण स्थानीय ग्रामीण भी बांध में जाने से कतरा रहे हैं, फिर भी बच्चों की तलाश का काम जारी है।
बांध में डूबे दो बच्चे, तलाश जारी
