जौनपुर : उत्तर प्रदेश में जौनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने मछलीशहर कोतवाली के दो पुलिसकर्मियों को पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने व अनुशानहीनता के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र कुमार सिंह ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि जिले में थाना मछलीशहर पर तैनात आरक्षी योगेन्द्र यादव व आरक्षी अनिल कुमार यादव को निलंबित किया गया है।
इन पर आरोप है कि 14 अक्टूबर को सायं लगभग 06.00 बजे थाना मछलीशहर अन्तर्गत जंघई चौराहे पर स्थित देशी शराब की दुकान के गद्दीदार से इन्होंने देशी शराब मांगी। शराब नहीं देने पर दुकानदार से मारपीट कर उत्पात मचाया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस पर संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई की है।
आदेश में कहा गया है कि दोनों पुलिसकर्मियों की इस हरकत से पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुयी है। साहनी द्वारा तत्काल प्रभाव से आरक्षी योगेन्द्र यादव व आरक्षी अनिल कुमार यादव को निलंबित कर दिया। इनके विरुद्ध अग्रिम विभागीय जांच के भी आदेश दे दिये गये हैं।
