जयपुर : राजस्थान में कोरोना के मरीज फिर बढ़ने लगे हैं और रविवार को इसके 30 नये मरीज सामने आये वहीं दो मरीजों की मौत हो गई। चिकित्सा विभाग के अनुसार प्रदेश में नये मामलों में सर्वाधिक सात मामले राजसमंद जिले में सामने आये। इसके अलावा जयपुर में छह, बीकानेर, जोधपुर एवं उदयपुर में चार-चार तथा अलवर एवं भरतपुर जिले में एक-एक नया मामला सामने आया।
इससे प्रदेश में अब तक 13 लाख 15 हजार 778 मरीज सामने आ चुके हैं और इनमें अब तक 13 लाख छह हजार दो मरीज ठीक हो चुके है। रविवार को जयपुर एवं झालावाड़ में एक-एक कोरोना मरीज की मृत्यु होने से प्रदेश में अब तक इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 9659 पहुंच गई।
राज्य में कोरोना के 117 सक्रिय मरीज हैं जिनमें सर्वाधिक 29 मरीज उदयपुर जिले में है जबकि जयपुर में 23, भीलवाड़ा 19, बीकानेर 12, राजसमंद 11, जोधपुर सात, जालोर पांच, अजमेर चार एवं अलवर में तीन तथा भरतपुर, कोटा, गंगानगर एवं हनुमानगढ़ जिले में एक-एक सक्रिय मरीज है। राज्य में रविवार को 2137 लोगों के जांच के लिए नमूने लिए गए और अब तक दो करोड़ 16 लाख 59 हजार 35 लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं।
राजस्थान में दो कोरोना मरीजों की मौत
