जयपुर : अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि में बन रहे मंदिर में प्रभु श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के मद्देनजर राजस्थान में मंदिरों के साथ अब गौशालाओं की भी सफाई के लिए अभियान चलाया जायेगा। इस कार्य की पहल भारतीय गौशाला सहयोग परिषद ने की है। परिषद के संरक्षक डॉ. अतुल गुप्ता ने बताया कि रविवार को प्रदेश की गौशालाओं में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरूआत राजधानी जयपुर स्थित श्रीपिंजरापोल गौशाला में अपराह्न दो बजे की जाएगी। गौशाला परिसर में करीब सौ से अधिक गौभक्त गौशाला परिसर में बिखरे प्लास्टिक के कचरे एवं गंदगी की साफ-सफाई करेंगे। शाम को गौशाला परिसर में रोशनी की जाएगी।
श्री गुप्ता ने बताया कि इसके बाद सोमवार को प्रात: साढे सात बजे पंचगव्य से गौमाता का स्नान किया जाएगा। साथ ही गौठान की साफ-सफाई कर शाम को लाइटिंग होगी। उन्होंने बताया कि गौशाला परिसर में रविवार रात 12 बजे से सोमवार रात 12 बजे तक गौमाता को रामधुनी सुनाई जाएगी। सोमवार सायं चार बजे से सुंदरकांड का पाठ होगा। सुंदरकांड पाठ के बाद राम दरबार का पूजन एवं गौमाता का अभिषेक किया जाएगा। देर शाम को गौशाला परिसर में गाय के गोबर से बने 5100 दीपकों से दीप महोत्सव होगा। अंत में गौभक्तों के लिए प्रसादि होगी। साथ ही गौशालाओं को पुष्प मालाओं से सजाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी गौशालाएं अपने-अपने स्तर पर भव्य आयोजन करेंगी।
गौशालाओं में होंगे दो दिवसीय महोत्सव
