गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दो दिवसीय मारवाड़ उत्सव का आगाज शनिवार से

जोधपुर : राजस्थान पर्यटन विभाग तथा जोधपुर जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में देश-दुनिया में मशहूर दो दिवसीय मारवाड़ उत्सव की धूम आठ अक्टूबर से शुरू होगी। जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता ने आज यहां दो दिवसीय मारवाड उत्सव के आयोजन को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा कर सभी कार्यक्रमों को बेहतर ढंग से संपादित करने के निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि कोरोना काल की वजह से पिछले दो वर्ष मारवाड़ उत्सव नहीं हो पाया था इस वजह से इस बार मारवाड़ उत्सव को लेकर जोधपुरवासियों तथा देशी-विदेशी पर्यटकों में जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है।
पर्यटन विभाग की सहायक निदेशक डॉ. सरिता फिड़ौदा ने मारवाड़ उत्सव की शुरूआत शनिवार को प्रातः 6 बजे मेहरानगढ़ फोर्ट में जयपोल पार्किंग स्थल पर आयोजित सूर्य आराधना से होगी। इसके बाद प्रातः 6.30 बजे जयपोल से क्लॉक टॉवर वाया जूनी धान मण्डी हेरिटेज वॉक होगी। प्रातः 7.30 बजे क्लॉक टॉवर से उत्सवी शोभायात्रा निकलेगी, जो नई सड़क होते हुए राजकीय उम्मेद स्टेडियम पहुंचेगी।
राजकीय उम्मेद स्टेडियम में प्रातः 8.30 बजे सीमा सुरक्षा बल (बी.एस.एफ.) द्वारा कैमल टेटू शो एवं सैन्य शस्त्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद उम्मेद स्टेडियम में ही पतंग प्रदर्शन एवं पतंगबाजी के साथ ही विभिन्न लोकानुरंजन प्रतिस्पर्धाएं होंगी। मारवाड़ उत्सव के अन्तर्गत सम्राट अशोक उद्यान में शनिवार को प्रातः 10 से शाम 5 बजे तक हस्तशिल्प प्रदर्शनी तथा रात्रि 7.30 से 9.30 बजे तक सांस्कृतिक संध्या होगी। इसमें लोक कलाकारों द्वारा लोक नृत्य तथा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
मारवाड़ उत्सव के दूसरे दिन रविवार को विभिन्न गतिविधियां ओसियां में केन्द्रित रहेंगी। ओसियां में प्रातः 8 बजे शोभायात्रा निकलेगी। अपराह्न 3 बजे ग्रामीण खेल स्पर्धाएं, पतंग प्रदर्शन एवं पतंगबाजी, शाम 4 बजे कैमल सफारी तथा फूड एण्ड क्राफ्ट प्रदर्शनी होगी। शाम 7.30 बजे रेतीले धोरों पर लोक साँस्कृतिक संध्या होगी। उत्सव का समापन रात 9.30 बजे आतिशबाजी से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *