मिर्जापुर : उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र में उड़द का जहरीला उड़द का बरा खाने से एक ही परिवार के छह सदस्य बीमार हो गए जिनमें दो महिलाओं की उपचार के दौरान मौत हो गई जबकि चार अन्य की हालत गम्भीर बनी हुयी है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि रविवार रात को टीकापुर गांव टेढई बिंद के यहां उड़द का बरा बना था, जिसको परिवार के छह सदस्यो ने खाया। बड़ा खाने के बाद सभी को उल्टी-दस्त होने लगा। पड़ोस के लोगों ने प्राइवेट चिकित्सक के पास ले गए जहां इलाज से पहले पतिया देवी (65) पत्नी टेढई बिंद की मौत हो गई जबकि सीता कुमारी (13) पुत्री मून्नू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। रमाशंकर पुत्र टेढई (40), रानी देवी (25) पत्नी आशीष ,टेढई पुत्र कल्लू बिंद और गीता देवी पुत्री मुन्नू का इलाज चल रहा है।
दूसरी ओर जहर मिलाने की बात की चर्चा जोरों पर है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधीक्षक अमर बहादुर ने बताया कि घटना को संज्ञान में लिया गया है। उन्होंने बताया कि वे खुद मौके पर है। उड़द के बरे जिसके खाने के बाद घटना हुई बताई जा रही है,का नमूना जांच रिपोर्ट के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट के आने के बाद कार्यवाही की जायेगी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मिर्जापुर में जहरीली बड़ा के सेवन से दो मरे,चार गंभीर
