श्रीगंगानगर : राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में नई मंडी घड़साना थाना क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर परियोजना (आईजीएनपी) की अनूपगढ़ शाखा नहर में डूबने से दो स्टांप वेंडरों की मौत हो गई। राज्य आपदा प्रबंधन दल (एसडीआरएफ) की टीम ने लगातार प्रयास कर नहर में अलग-अलग स्थान से इनके शवों को आज दोपहर ढूंढ निकाला। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक स्टांप वेंडर मिट्ठूलाल लूणा निवासी चक 9-जीडी का शव पुरानी मंडी घडसाना और दूसरे स्टांप वेंडर चुन्नीलाल निवासी चक 3-एसटीआर का शव चक 25 वाले पुल के नजदीक बरामद हुई। दोनों के शव आज घडसाना के सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिवार वालों को सौंप दिए गए।
हासिल जानकारी के अनुसार मिट्ठूलाल और चुन्नीलाल कल देर शाम को नई मंडी घड़साना से सात-आठ किमी दूर अनूपगढ़ शाखा नहर पर गए थे। दोनों मोटरसाइकिल पर सवार थे। देर रात को इनका मोटरसाइकिल नहर के किनारे पड़ा मिला जबकि दोनों गायब थे। वहां इकट्ठे हुए लोगों को उनके नहर में गिर जाने की आशंका प्रतीत हुई।
जानकार सूत्रों ने बताया कि वहां पर कुछ नोट फाड़ कर फेंके मिलें। इनमें 500 के नोट भी थे।यह दोनों नहर में कैसे गिर गए, इसका पता नहीं चला।शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गया, जिससे दोनों नहर में जा गिरे। दोनों मृतक नई मंडी घड़साना में स्टांप वेंडर का काम करते थे। सूत्रों ने बताया कि घटना स्थल पर काफी तलाश करने पर भी उनके मोबाइल फोन और पर्स नहीं मिले। पुलिस ने कहा कि सारे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस ने इस दुर्घटना को लेकर मर्ग रिपोर्ट दर्ज की है।
इंदिरागांधी नहर में डूबने से दो की मौत
