लखनऊ : उत्तर प्रदेश में बिजली गिरने की घटनाओं में हो रही जनहानि का सिलसिला मंगलवार काे भी बरकरार रहा। इस दौरान जालौन में भारी वर्षा के बीच बिजली गिरने से एक बुजुर्ग की मौत हाे गयी जबकि मैनपुरी में वज्रपात से एक व्यक्ति की मौत हो गयी। जालौन के डकोर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करूई बुजुर्ग निवासी सीताराम (65) मंगलवार को घर के बाहर लगे हैंडपंप पर पानी भर रहे थे कि इस दौरान आकाशीय बिजली गिर गई जिसकी चपेट में आकर सीताराम अचेत हो गए।
वृद्ध को अचेतावस्था में अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे राजस्व व पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे, जहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मैनपुरी जिले के घिरोर थाना क्षेत्र में आज आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी। पुलिस के अनुसार राजू बघेल पुत्र देशराज सिंह निवासी नगला प्राणनाथ की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गयी। जिले में तीन दिन में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत हो गयी है।
यूपी में वज्रपात से दो की मौत
