गोंडा : उत्तर प्रदेश में गोण्डा जिले के करनैलगंज कोतवाली इलाके में गुरूवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मृत्यु हो गयी। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि कर्नलगंज परसपुर मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक गोण्डा की ओर जा रही थी कि बलमत्थर गांव के पास विपरीत दिशा से तीव्र गति से आ रही बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ी। घटना में बाइक सवार थाना परसपुर क्षेत्र के बिहुरी गोसाई पुरवा निवासी ललित (18) तथा ककरहा कॉलोनी बलमत्थर के राजकुमार (26) की मृत्यु हो गयी।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुये परसपुर करनैलगंज मार्ग पर शवों को रखकर जाम लगा दिया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाबुझा कर प्रदर्शन समाप्त करा दिया। उन्होंने बताया कि फरार आरोपी ट्रक चालक की तलाश में पुलिस जुटी है।
