श्रीनगर : जम्मू कश्मीर पुलिस ने प्रतिबंधित पदार्थों के साथ दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बडगाम जिले के सुंदराबाद नारबल में नियमित जांच के दौरान नारबल चौकी की पुलिस टीम ने एक व्यक्ति को रोका, जिसने मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस ने हालांकि पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से लगभग 940 ग्राम वजन का कोयला जैसा पदार्थ और स्पास्मो प्रोक्सीवॉन प्लस की 80 गोलियां बरामद हुई।
आरोपी की पहचान सोजिएथ गोरीपोरा निवासी जहांगीर अहमद शेख के रूप में हुई। एक अन्य घटना में बारामूला जिले के दानी सैयदान उरी में स्थापित चौकी पर पुलिस ने एक व्यक्ति को रोका। उसके पास से 9.46 किलोग्राम प्रतिबंधित भांग जैसा पदार्थ बरामद किया गया। उसकी पहचान चूलन कलसन उरी निवासी नूर हुसैन शाह के रूप में की गयी है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
