गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

यमुना लो फ्लड लेवल से दो फीट ऊपर

आगरा : ताजनगरी आगरा में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इसमें हर घंटे 10 सेंटीमीटर पानी की बढ़ोत्तरी हो रही है। सोमवार सुबह यमुना लो फ्लड लेवल से दो फीट से अधिक ऊपर बह रही है जिससे कई निचले इलाकों में पानी भरना शुरू हो गया है। प्रशासन ने शहर में 28 इलाकों को चिन्हित किया है, जहां पर सबसे पहले पानी आने के खतरा है। एक अपार्टमेंट को खाली करने का नोटिस भी चस्पा किया गया है।
अधिकृत सूत्रों ने बताया कि यमुना में गोकुल बैराज से हर घंटे पानी छोड़ा जा रहा है। दस घंटे में यमुना का जलस्तर एक फीट बढ़ रहा है। आज सोमवार की सुबह सात बजे यमुना का जलस्तर 497 फीट तक पहुंच गया, जो कि लो फ्लड लेवल से फीट अधिक और मीडियम फ्लड लेवल से केवल दो फीट कम है। जिले में यमुना नदी का लो फ्लड लेवल 495 फीट, मीडियम फ्लड लेवल 499 फीट और हाई फ्लड लेवल 508 फीट है। आज सोमवार रात तक यह जलस्तर एक से दो फीट तक और बढ़ने का अनुमान लगाया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा यमुना के तटवर्ती इलाकों में लगातार मुनादी कराई जा रही है। लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की जा रही है। लो फ्लड लेवल को पार करने के बाद कई इलाकों में पानी घुस गया। ताजगंज श्मशान घाट भी जलमग्न हो गया है। ताजमहल के पीछे बने गार्डन में भी यमुना का पानी भर गया है। एत्माद्दौला स्मारक से सटकर यमुना बह रही है।
प्रशासन की ओर से यमुना के सभी घाटों पर बेरिकेडिंग करा दी गई है। शहरी क्षेत्र के 28 इलाकों को चिन्हित किया गया है। जलस्तर और बढ़ने पर सबसे पहले इन इलाकों में पानी घुसेगा। सिंचाई विभाग इन इलाकों की सूची जारी करते हुए लोगों से अलर्ट रहने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *