महोबा : उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के कबरई क्षेत्र में बुधवार को एक ग्रेनाइट खदान में हुई गम्भीर दुर्घटना में एक चट्टान से कुचल कर दो मजदूरों की मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक सुधा सिंह ने बताया कि हादसा गंज गांव के निकट स्थित सिरी पहाड़ में उस वक्त हुआ, जब कुछ मजदूर पहाड़ में ब्लास्टिंग के लिए विस्फोटक बिछाने का कार्य कर रहे थे कि इस बीच पूर्व में किये गए विस्फोट से टूटी पड़ी एक चट्टान अचानक लुढ़क गयी और दो मजदूर महेंद्र (24) और मधु (23) उसकी चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गयी। मृतक दोनो मजदूर गंज गांव के निवासी थे। दुर्घटना की सूचना मिलने पर मजदूरों के परिजनों ने मौके पर पहुंच जमकर हंगामा काटा।
उन्होने बताया कि इस मामले में मृतकों के परिजनों की शिकायत पर पहाड़ के पट्टाधारक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किये जाने के आदेश दिए गए है। हादसे की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी मनोज कुमार ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया है। उन्होंने पहाड़ के खनन में पट्टाधारक द्वारा सुरक्षा मानकों की अवहेलना किये जाने की शिकायत मिलने पर अपर जिलाधिकारी राम प्रकाश को मामले की जांच सौंपी है।
महोबा में चट्टान से कुचल कर दो मरे
