सीधी : मध्यप्रदेश के सीधी जिले के मझौली थाना अंतर्गत ग्राम करमाई में आज सुबह तेज रफ्तार बस और मोटर साइकिल की आमने-सामने से हुई। भिडंत में मोटर साइकिल में सवार 3 लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बस में तोडफ़ोड़ की। पुलिस सूत्रों के अनुसार बस मड़वास से रीवा जा रही थी। तेज रफ्तार के कारण करमाई गांव के जिल्ला टोला में ब्यौहारी की तरफ से आ रही मोटर साइकिल से भिड़ंत हो गयी।
हादसे में मोटर साइकिल सवार नंद कुमार सिंह(30) एवं मनमोहन सिंह (22) की घटना स्थल पर मौत हो गई। मोटर साइकिल में पीछे बैठी भारती सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि यदि समय रहते मझौली थाना पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो ग्रामीणों का आक्रोश और भी ज्यादा उग्र हो जाता। फिलहाल पुलिस द्वारा बस को जब्त कर थाना में सुरक्षित खड़ा करा लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।
