सीहोर : मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के बिलकिसगंज थाना क्षेत्र में आज दोपहर कुलास के पास हार्वेस्टर की चपेट में आने से मोटरसायकल सवार दो युवकों की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के जताखंडा गांव के निवासी कृपाल वर्मा (43), रउफ खां (32) आैर रामकली वर्मा मोटरसायकल से बिलकिसगंज जा रहे थे। तभी बिलकिसगंज क्षेत्र में कुलास के पास वेयर हाउस के सामने मोड़ पर हार्वेस्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। इस हादसे में कृपाल और रउफ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि रामकली गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया। घटना की जांच की जा रही है।
