अहमदाबाद : गुजरात में अहमदाबाद ग्रामीण क्षेत्र में अपराध शाखा दल ने 49 लाख रुपये से अधिक के मादक पदार्थ के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस निरीक्षक एस जे जाडेजा ने शनिवार को बताया कि सूचना के आधार पर असलाली-हाथीजण रोड़ पर हाथीजण गांव के निकट खड़े दो लोगों की बीती रात तलाशी ली गयी। इस दौरान उनके पास से 495 ग्राम मेफेड्रोन मादक पदार्थ जब्त किया गया जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। जब्त ड्रग्स की कीमत 49 लाख 58 हजार रुपये आंकी गयी है। पुलिस ने मामला दर्ज करके आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
