गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

घर में लगी आग से दो लोगों की जलकर मौत

प्रयागराज : उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के मुट्ठीगंज क्षेत्र में हत्या और और आत्महत्या के आरोप को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच झगड़े के दौरान मकान में आग लगा दी गयी। आग से घिरे मकान में से पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया जबकि एक महिला सहित दो लोगों की जलकर मौत हो गयी।
पुलिस उपायुक्त (नगर) दीपक भूकर ने मंगलवार को बताया कि मुट्ठीगंज थाने पर सोमवार रात 11 बजे सूचना मिली कि अंशिका केसरवानी (27) नामक एक महिला ने अपने सुसराल में आत्महत्या कर लिया है। मौके पर ससुराल और मायका पक्ष के मौजूद लोग आपस में झगड़ा कर रहे थे। इसी दौरान मायके पक्ष के लोगों द्वारा ससुराल पक्ष के मकान में आग लगा दी गयी। पुलिस मकान के अन्दर फंसे पांच लोगों को सुरक्षित बचा लिया जबकि दो लोगों की जलकर मौत हो गयी।
उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रगेड की कई गाडियां मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद मंगलवार तड़के करीब तीन बजे मकान की तलाशी के दौरान दो लोगों के जले हुए शव बरामद हुए। उन्होंने बताया कि दोनो की शिनाख्त लड़की का ससुर राजेन्द्र केशरवानी और सास शोभा देवी के रूप में की गयी। दोनो शव को पोस्टमार्टम के लिए स्वरूप रानी नेहरू (आरएन) अस्पताल भिजवा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस के उच्चाधिकारियों द्वारा इसमें मौके का निरीक्षण किया गया। अग्रिम वैधानिक कार्रवाही पुलिस के द्वारा की जा रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अंशिका केशरवानी (27) राजेन्द्र केशरवानी (65) और शांभ देवी (62) हैं। उन्होंने बताया कि दोनो पक्ष की तरफ से मुकदमा पंजीकृत किया गया है। दोनो पक्षों के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि धूमनगंज थाना क्षेत्र के झलवा निवासी आंशिका की शादी एक वर्ष पहले मुट्ठीगंज निवासी अंशु के साथ हुई थी। आंशिका के मायके वालो का आरोप है कि मंगलवार की रात अंशिका ससुराल में रस्सी के सहारे लटकी मिली। उनका आरोप है कि शादी के बाद से अंशिका को प्रताड़ित किया रहा था। उनका आरोप है कि अंशिका को मार कर लटका दिया गया या उसने प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर लिया। अंशिका की मौत की खबर पाकर मायके के लोग रात में उसके ससुराल पहुंच गए, उसके बाद झगडा और मकान में आग लगने की घटना हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *