शिमला : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के कोटखाई में दो दोस्तों द्वारा अपने ही तीसरे दोस्त की हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक का शव पत्थर की गुफा से बरामद हुआ है। मृतक व्यक्ति नेपाली मूल का था, जिसकी पहचान 35 वर्षीय लोकेश के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी कि आरोपियों ने आपसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है। वहीं मामले की आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, लोकेश तीन दिन से लापता था जिसकी शिकायत परिजनों द्वारा कोटखाई थाने में दर्ज करवाई गई थी। इसके बाद जांच करने पर लोकेश की आखिरी लोकेशन देउल बुधा नाम के व्यक्ति के साथ पाई गई। पुलिस ने आरोपी को कोटखाई बाजार से हिरासत में लिया।
जब पुलिस ने आरोपी से लोकेश को लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि लोकेश और उसकी मुलाकात कोटखाई में हुई थी। इसके बाद वह अपने दोस्त उपेंद्र के साथ मिलकर लोकेश को निहारी जंगल में ले गया। जहां पर एक पत्थर की गुफा में लोकेश की हत्या कर दी और शव को छिपा दिया। ठियोग के पुलिस उपाधीक्षक सिद्धार्थ शर्मा ने मामले की पुष्टि की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरु कर दी है। मामला दर्ज कर लिया है।
दो लोगों ने मिलकर की नेपाली मूल व्यक्ति की हत्या
