जयपुर : राजस्थान की राजधानी जयपुर में अवैध शराब की फैक्ट्री में जहरीली शराब बनाने के मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में विभागीय कार्रवाई के चलते पुलिस मुख्यालय द्वारा दो थाना अधिकारियों को निलंबित किया गया है। इससे पहले इस मामले में चार बीट कांस्टेबलों को निलंबित किया जा चुका है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थानाधिकारी शिवदासपुरा मांगीलाल बिश्नोई एवं थानाधिकारी सांगानेर सदर बृजमोहन कविया को प्रस्तावित विभागीय जांच के चलते निलंबित किया गया है । इस संबंध में सोमवार को आदेश जारी किए गए हैं। इससे पहले जयपुर कमिश्नरेट द्वारा दोनों थानों के चार बीट कांस्टेबल को शराब की अवैध फैक्ट्री के संचालित होने की सूचना नहीं होने पर लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया जा चुका है।
उल्लेखनीय है कि कई दिनों से रेकी कर रही कमिश्नरेट जयपुर की स्पेशल टीम ने 20-21 जनवरी की रात थाना शिवदासपुरा एवं सांगानेर सदर थाना इलाके में अवैध रूप से संचालित शराब की चार फैक्ट्रियों पर रेड मारी। जहां स्प्रिट में केमिकल और पानी मिलाकर देशी शराब बना सरकारी ठेकों पर सप्लाई की जा रही थी रेड के दौरान 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था जबकि फैक्ट्री मालिक फरार हो गए थे।
अवैध शराब के मामले में दो थाना अधिकारियों को किया निलंबित
