गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

इटावा में जबरिया वसूली मामले में दो पुलिसकर्मी निलंबित

इटावा : उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के ऊसराहार इलाके में जबरिया वसूली के मामले में दो पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन की यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने पुलिस अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर की है।
श्री कुमार ने शनिवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खनन माफियाओं से जुड़ाव रखने वाले उसराहार थाने में तैनात पुलिसकर्मी अमित सिंह और हनीफ के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि थाना ऊसराहार के दो सिपाही अमित सिंह और हनीफ तीन दिन पूर्व किशनी बिधूना मार्ग पर स्तिथ उदयपुर कलां के पास अवैध मिट्टी खनन से भरे एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया। पुलिस और खनन माफिया के बीच किसी बात को लेकर कहा सुनी हो गई। इतने में ट्रैक्टर चालक भागने लगा तो सिपाही हनीफ ट्रैक्टर पर चढ़ गया।
उन्होंने बताया कि खनन माफिया ट्रैक्टर चालक ने ट्रैक्टर दौड़ा लिया और मैनपुरी जिले की सीमा पर लेजाकर सिपाही हनीफ के साथ मारपीट कर दी और दो घंटे बाद हनीफ को वहां से जाने दिया। दूसरा सिपाही भी हनीफ को बचाने में नाकाम साबित हुआ। इस मामले की जानकारी को पहले पुलिस दबाने में जुटी रही। लेकिन मीडिया के मामला संज्ञान में आने के बाद इसकी जानकारी उन्हें हुई जिस पर उन्होंने पुलिस की फजीहत से नाराज होने के चलते दोनों ही सिपाहियों को निलंबित कर दिया।
अभी तक हालांकि सिपाही के साथ मारपीट करने वाले खनन माफिया पर पुलिस कोई कार्रवाई नही कर पाई है। जिससे उनके हौसलें और बुलंदियों पर पहुंच गए है। इस पूरे प्रकरण की जांच रिपोर्ट एसएसपी ने अपने अधिकारियों से तलब की जिसमें क्षेत्राधिकारी भरथना अतुल प्रधान और एएसपी ग्रामीण सत्यपाल सिंह की रिपोर्ट में दोनों सिपाहियों की रिपोर्ट खराब पाई गई जिसके आधार पर एसएसपी ने दोनो सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया।
दोनो निलंबित पुलिस कर्मियों पर आरोप है कि अवैध मिट्टी खनन से जुड़े हुए ट्रैक्टर से वसूली करने के दौरान खनन माफिया ने एक सिपाही को पीट दिया। दूसरा सिपाही वहां से भाग खड़ा हुआ। ट्रैक्टर पर चढ़े सिपाही को खनन माफिया ने मैनपुरी जिले की सीमा में ले जाकर जमकर पिटाई की है। इस मामले को ऊसराहार थाना पुलिस पहले दबाती रही लेकिन उच्चाधिकारियों के मामला संज्ञान आने पर दोनों सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया गया। पुलिस अब सिपाही के साथ मारपीट करने वाले खनन माफिया की तलाश में जुट गई है।
इटावा जिले में इस समय मिट्टी का खनन जोरों शोरों और खुलेआम चल रहा है। खनन माफिया मिट्टी समतलीकरण या सरकारी कार्य में मिट्टी का उपयोग करने के नाम पर खनिज कार्यालय से परमिशन लेकर बड़े पैमाने पर खनन करने में जुटे हुए हैं। उसी का परिणाम सामने आया है कि जिले में अब खनन माफियाओं के हौसलें इतने बुलंदियों पर है कि उनके मन से पुलिस का खौफ भी खत्म हो गया है।
एसएसपी कुमार ने कहा है कि किसी भी सूरत में गलत कार्य करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। फिर चाहे वह पुलिसकर्मी ही क्यों न हो। एसएसपी की इस कार्यवाही से पूरे जिले में पुलिस विभाग में हडकंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *