गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दो रिटायर्ड फौजियों की सरेआम गोलियां मार कर हत्या

सोनीपत : हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना उपमंडल के लाठ गांव के अड्डा क्षेत्र में मोटरसाईकल और गाड़ियों में सवार 10-12 अज्ञात बदमाशों ने शुक्रवार सुबह दो पूर्व फौजियों की अंधाधुंध फायरिंग कर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि हमलावरों ने दोनों पर करीब 25 से 30 राउंड गोलियां चलाईं जिसमें दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतकों की शिनाख्त राज और रमेश के रूप में की गई है। दोनों शुक्रवार को मोटरसाइकिल पर सवार होकर सोनीपत के लिए निकले थे , लेकिन गांव से बाहर गोहाना-सोनीपत रोड पर अड्डे के निकट पहुंचे ही थे कि मोटरसाईकल और गाड़ियों में सवार अज्ञात युवकों ने उन्हें घेर लिया और इन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

फायरिंग होने पर क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई और लोग घरों और दुकानों में दुबक गए। राज और रमेश ने भागने का प्रयास किया लेकिन वे इसमें सफल नहीं हुये। गम्भीर रूप से घायल होने पर इनकी मौके पर ही मौत हो गई। राज और रमेश रिश्ते में चाचा-भतीजा थे तथा गांव में लगभग पांच माह पहले हुए सूरज हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों के पिता हैं। वहीं हमलावर पिस्तौल लहराते हुये मौके से फरार हो गये।
लाठ गांव में गत 22 अप्रैल को सूरज नाम के युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। राज और रमेश की हत्या को इसी का बदला माना जा रहा है। पुलिस ने सूरज हत्याकांड में गांव के ही विक्की और विजय उर्फ भठरा को गिरफ्तार किया है। दोनों फिलहाल जेल में है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के पूरे क्षेत्र को घेर कर नाकाबंदी कर दी। बदमाशों की खोजबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *