इटावा : उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के बसरेहर इलाके में मंगलवार तड़के पुलिस ने एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद दो लुटेरों को घायलावस्था में धर दबोचा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार लुटेरों ने सोमवार सुबह सिविल लाइन के शिवा कालोनी में पूजा करके लौट रही एक महिला से सोने की चेन लूटी थी। बदमाशो के पास से लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली गई है।
उन्होने बताया कि एक सूचना के आधार पर पुलिस ने सेंगर नदी के पास अपराधियों की घेराबंदी कर उनको आत्मसमर्पण के लिये कहा मगर बदमाशों ने पुलिस दल पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया। आत्म रक्षार्थ पुलिस की ओर से चलाई गई गोलियों से दो बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि उनका तीसरा साथी मौका है।
उन्होने बताया कि सोमवार की सुबह थाना सिविल लाइन क्षेत्र के शिवा कालोनी में अपने घर के अंदर पूजा करके वापस जा रही थी कि तभी दो बाइक सवार लुटेरों ने महिला के गले से चेन लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। यह घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर लुटेरे को पकड़ने के लिए कई टीमें लगाई थी जिसके बाद रात्रि तीन बजे पुलिस ने दो लुटेरे को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
बदमाशों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और दो 315 बोर के तमंचे दो जिंदा कारतूस दो मुर्दा कारतूस बरामद किए गए हैं। वहीं तीसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गया है। जिसकी सरगर्मी से पुलिस तलाश करने में जुटी हुई है।
पुलिस मुठभेड़ में दो लुटेरे घायल
