चूरू : राजस्थान में चुरु जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में 60 लाख रुपए कीमत का मादक पदार्थ गांजा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि पुलिस की टीम ने शनिवार रात एक थ्री व्हीलर टेंपो से 60 लाख रुपए कीमत का 390 किलो गांजा बरामद कर आरोपी रविदास बावरी (25) निवासी जिला भटिंडा पंजाब हाल जिला फतेहाबाद हरियाणा एवं रमेश बावरी (35) निवासी लुधियाना पंजाब को गिरफ्तार किया।
नूनावत ने बताया कि टेंपो में धार्मिक भावनाओं की आड़ लेकर नशे की तस्करी की जा रही थी। मुल्जिमो ने भगवा वस्त्र धारण कर टेंपो के चारों तरफ देवी देवताओं की फोटो के बड़े बैनर तथा अंदर डाले में फूल मालाएँ लटका कर बीच में एक गुप्त बॉक्सनुमा स्कीम बनाई हुई थी।
उन्होंने बताया कि आईजी सीकर रेंज के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थ एवं हथियारों की तस्करी तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाये गए अभियान के तहत नेशनल हाईवे 52 पर गोठिया बड़ी पुलिया के पास नाकाबंदी में यह कार्रवाई की गई है।
टेंपो के डाले में बनाई गई गुप्त स्थान में रखे 13 कट्टो से 60 लाख कीमत का तीन क्विंटल 90 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने आंध्र प्रदेश से हरियाणा और पंजाब में बिक्री के लिए गांजा तस्करी करना कबूल किया है। विस्तृत जानकारी के लिए दोनों आरोपियों से अग्रिम पूछताछ की जा रही है।
