नैनीताल : उत्तराखंड के नैनीताल जनपद के लालकुआं में पुलिस ने लाखों रुपए मूल्य की स्मैक के साथ उत्तर प्रदेश (उप्र) के दो तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत कार्रवाई अमल में लायी जा रही है। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट की ओर से हल्द्वानी में आज इस मामले का खुलासा करते हुए बताया गया कि मादक द्रव्य निरोधक बल (एएनटीएफ), विशेष अभियान समूह (एसओजी) और लालकुआं पुलिस की ओर से बीती रात को सुभाष नगर बैरियर पर तस्करों के खिलाफ जांच अभियान चलाया जा रहा था।
इस दौरान पुलिस टीम ने दो मोटर साइकिल सवारों को रोका और उनसे 172.11 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी तस्लीम निवासी मोहल्ला अंसारी, वार्ड नंबर 14 थाना फतेहगंज, बरेली एवं अभय शर्मा निवासी सब्जी मंडी थाना बिहारीपुर, बरेली, उप्र को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई अमल में लायी जा रही है। आरोपियों ने बताया कि वह बरामद स्मैक को बरेली के तस्लीम नामक व्यक्ति से खरीद कर लाये हैं और पर्वतीय क्षेत्रों में ऊंचे दाम पर बेचने के लिए ले जा रहे थे। एसएसपी भट्ट ने इस कामयाबी के लिए पुलिस टीम को 5000 रुपये बतौर पुरस्कार देने की घोषणा की है।
स्मैक के साथ उप्र के दो तस्कर गिरफ्तार
