नैनीताल/ रुद्रपुर : उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के पुलभट्टा में पुलिस ने 24 लाख रुपए की स्मैक के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है जो उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। मिली जानकारी के अनुसार पुलभट्टा के थाना प्रभारी की अगुवाई में सोमवार को उप्र से सटे बहेड़ी बार्डर पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान बहेड़ी की ओर से मोटर साइकिल संख्या यूपी 25 डीवी 5534 को रोका तो दो संदिग्ध पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश करने लगे।
जिन्हें पुलिस टीम ने बॉर्डर से लगे चेक पोस्ट पर पकड़ लिया। दोनों की पहचान दिनेश कुमार सिंह निवासी वार्ड न. 4, मौहल्ला साहूकारा, फतेहगंज पश्चिम, जिला बरेली उत्तर प्रदेश और भानू उर्फ ब्रह्म प्रकाश निवासी बसन्त विहार कॉलोनी पानी की टंकी के पास थाना इज्जतनगर, जिला बरेली उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। दोनों को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के पास से 240 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपियों ने बताया कि वह बरामद स्मैक को बरेली निवासी वसीम से खरीद कर लाये हैं और हल्द्वानी बेचने के लिए ले जा रहे थे।
आरोपियों ने यह भी बताया कि वह किच्छा, रूद्रपुर, सितारगंज, हल्द्वानी, रुद्रपुर आदि स्थानों पर भी स्मैक की डिलीवरी कर चुके हैं। दोनों के खिलाफ थाना पुलभट्टा में मादक द्रव्य अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में बरामद स्मैक की कीमत लगभग 24 लाख रुपये आंकी गयी है।
स्मैक के साथ उप्र के दो तस्कर गिरफ्तार
