19 लाख बरामद
जालंधर : पंजाब पुलिस और सीमा सुरक्षा बल ने संयुक्त प्रयासों से ड्रोन के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी करने के तस्करों के एक और प्रयास को विफल करते हुए दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से 12 किलोग्राम हेरोइन और 19.3 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। सीमा सुरक्षा बल के प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि सुरक्षा बलों ने रविवार सुबह गुरदासपुर की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित गांव चौरा कलां के पास एक संदिग्ध ड्रोन की घुसपैठ देखी। पाकिस्तानी ड्रोन के घुसने की सूचना पर सुरक्षा बल ने पंजाब पुलिस के साथ एक तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान इलाके में, बाइक पर व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधि देखी गई। संयुक्त तलाशी दल को देखकर संदिग्धों ने भागने की कोशिश की। दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया। इसके अलावा, उनके खुलासे के आधार पर, अनुवर्ती कार्रवाई में नशीले पदार्थों के 12 पैकेट (कुल वजन – लगभग 12 किलोग्राम) और ड्रग मनी – 19.30 लाख रुपये बरामद किए गए।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने भी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा,‘‘सीमा पार मादक पदार्थ नेटवर्क को बड़ा झटका। गुरदासपुर पुलिस और बीएसएफ ने एक संयुक्त अभियान में 2 तस्करों से 19.3 लाख रुपये के साथ 12 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है।” उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से नशीली दवाओं के परिवहन के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था। यादव ने कहा कि संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तस्करों के संपर्कों का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।
