भुवनेश्वर : ओडिशा में कमिश्नरेट पुलिस भुवनेश्वर के एयरफील्ड थाना क्षेत्र के पोखरीपुट इलाके में रविवार को भगवान गणेश की मूर्ति का विसर्जन करते समय एक कोचिंग सेंटर के दो छात्र तालाब में डूब गये। पुलिस सूत्रों के मुताबिक मृतकों की पहचान सुभम जेना और प्रकाश महाराणा के रूप में की गयी है। उन्होंने बताया कि कोचिंग सेंटर के 10वीं कक्षा के सात छात्र भगवान गणेश की मूर्ति विसर्जित करने के लिए तालाब में गये थे। मूर्ति विसर्जन के बाद तालाब में नहाने के दौरान दो छात्र पानी में डूब गये। दोनों को तुरंत राजधानी अस्पताल भुवनेश्वर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
