पुणे : महाराष्ट्र के पुणे शहर की पुलिस ने आतंकवादी संगठन आईएसआईएस के सूफा संगठन के दो सर्वाधिक वांछित आतंकवादियों को बुधवार तड़के यहां से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आतंकवादियों के फरार हुए तीसरे साथी की तलाश में व्यापक छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि शहर के कुछ हिस्सों में वाहनों में तोड़फोड़ की घटनाओं के बाद वे अपराधियों की तलाश के लिए तलाशी अभियान चला रहे हैं। गश्त के दौरान पुलिस ने मंगलवार रात कोथरुड इलाके में तीन लोगों को देखा जो कथित तौर पर दोपहिया वाहन चोरी कर रहे थे।
गश्त कर रही टीम ने तीनों लोगों को पकड़ लिया, हालांकि उनमें से एक वहां से भागने में सफल रहा। इसके बाद पुलिस ने आज तड़के दो संदिग्धों को हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए थाने ले आई। शुरुआत में दोनों ने पुलिस को गोलमोल जवाब दिये। उनके घर की तलाशी लेने के बाद पुलिस ने वहां से मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किए। फिर, यह पता चला कि दोनों राजस्थान में सर्वाधिक वांछित अपराधी है और बाद में पता चला कि दोनों सर्वाधिक वांछित आतंकवादी हैं।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने दोनों पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस पिछले डेढ़ साल से उनकी तलाश कर रही थी। दोनों की पहचान मोहम्मद यूनुस साकी और इमरान खान के रूप में की गई। आरोपी पिछले कुछ दिनों से कोंढवा इलाके में रह रहे थे और लगातार कोथरुड आते थे।
मार्च 2022 में राजस्थान पुलिस ने चित्तौड़गढ़ में तीनों लोगों को हिरासत में लिया था और उनके पास से बम बनाने में इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री तथा उपकरण बरामद किए थे। सूत्रों ने बताया कि अब पुणे पुलिस उनके पुणे आने के मकसद की जांच कर रही है और उनके तीसरे साथी की तलाश शुरू कर दी है।
