गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मोदी के जन्मदिन पर मरीजों और गरीबों की मदद का अभियान चलायेगी उप्र भाजपा

लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 17 सितंबर को जन्मदिन के मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई अगले 15 दिनों तक बीमार और गरीबों की मदद का विशेष अभियान चलायेगी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला और अनूप गुप्ता ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पीएम माेदी के जन्मदिन पर एक पखवाड़े तक कार्यक्रम चलेंगे। गुप्ता ने बताया कि शनिवार को दुनिया के लोकप्रिय नेता पीएम मोदी का जन्मदिन है।
उन्होंने कहा कि मोदी के राष्ट्र उत्थान अभियान को दृष्टिगत रखते हुए पार्टी ने बीमार एवं गरीबों की मदद के लिये प्रधानमंत्री का जन्मोत्सव 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़े के रूप में मनाने का फैसला किया है। गुप्ता ने कहा कि इस अवसर पर लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में पीएम मोदी के जीवन पर एक प्रदर्शनी लगायी जायेगी। इसमें राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शिरकत करेंगे।
उन्होंने बताया कि 20 और 21 सितंबर को स्वच्छता अभियान चलेगा। इसमें राज्य के सभी ‘अमृत सरोवरों’ पर जनप्रतिनिधि एकत्र होकर श्रमदान करेंगे। साथ ही मोदी के ‘लोकल फाॅर वोकल’ संदेश से प्रेरित होकर जनप्रतिनिधि ‘ओडीओपी उत्पाद’ खरीदेंगे।
गुप्ता ने कहा कि 25 सितंबर को भाजपा कार्यकर्ता ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद 26 सितंबर को ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत कार्यक्रम होगा। इसमें पीएम मोदी को शुभकामना संदेश लिखे जायेंगे और प्रबुद्ध जन सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात कर उनके साथ सेल्फी लेंगे। साथ ही खादी भवनों पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर खादी वस्त्रों की खरीद को सुनिश्चित किया जायेगा। इस अभियान में उत्तर प्रदेश के केंद्रीय मंत्री और राज्य सरकार के मंत्री भी शामिल होंगे।
शुक्ला ने बताया कि इस दाैरान 250 से अधिक स्थानों पर रक्तदान शिविर लगेगा। इसके अगले दिन 18 सितंबर को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगेगा और 24 सितंबर को कृत्रिम अंग उपकरण वितरण होगा। उन्होंने बताया कि इस कड़ी में 30 सितंबर को टीबी मुक्त राष्ट्र अभियान चलाया जायेगा। इसमें सांसद, विधायक समेत सभी जनप्रतिनिधि टीबी मरीजों को गोद लेकर उनका इलाज करायेंगे। इसी प्रकार रक्तदान शिविर में भी सांसद और विधायक शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *