गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मजदूर की मृत्यु के बाद हंगामा

खरगोन : मध्य-प्रदेश के खरगोन जिले के बेड़िया थाना क्षेत्र के सेल्दा स्थित एनटीपीसी के प्लांट में आज ऊंचाई से गिरे मजदूर की मृत्यु के बाद हंगामा हो गया। बेड़िया के थाना प्रभारी राजेंद्र बर्मन ने बताया कि आज खंडवा जिले के खालवा थाना निवासी 24 वर्षीय बलदाऊ राठौर की प्लांट में 17 मीटर की ऊंचाई से गिर जाने के चलते मृत्यु हो गई। घटना के बाद ग्रामीण और मजदूरों ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया तथा उन्होंने मुआवजे के तौर पर 50 लाख रुपये की राशि तथा एक व्यक्ति को नौकरी देने की मांग की। उन्होंने बताया कि उसकी मृत्यु की घटना की जांच की जा रही है।
एनटीपीसी सेल्दा प्लांट के जनरल मैनेजर आर के कनौजिया ने बताया कि ठेकेदार का उक्त मजदूर 9:06 पर प्लांट के अंदर आया था और 9:20 पर जनरेटर ट्रांसफॉर्मर यार्ड 2 के दूसरे छोर पर नीचे गिरा पाया गया। उसे तत्काल 10 किमी दूर बेड़िया स्थित अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि इस दौरान प्लांट में किसी भी तरह का काम शुरू नहीं हुआ था केवल तैयारियां ही चल रही थी । उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना है अथवा आत्महत्या ,पुलिस की जांच में ही पता चल सकेगा।
उन्होंने कहा कि मृतक के एक परिजन को नौकरी तथा अन्य बीमा व क्षतिपूर्ति राशि के अलावा पचास हजार रु देने के प्रस्ताव दिया गया लेकिन शाम को गेट पर आए मजदूर यूनियन के नेताओं ने इसे नहीं माना। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शीघ्र ही हल निकाल लिया जाएगा।
इधर मृतक के भाई रामदास राठौर तथा भारतीय मजदूर संगठन के नरेंद्र पटेल ने आज रात्रि एनटीपीसी प्रबंधन पर असंवेदनशीलता का आरोप लगाते हुए कहा कि उनसे किसी प्रकार की चर्चा नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि मांगे नहीं माने जाने तक मजदूर के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि 24 वर्षीय बलदाऊ की 6 महीने पूर्व ही शादी हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *