गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

ओडिशा विधानसभा मे प्रश्नकाल के दौरान भाजपा सदस्यों का हंगामा

भुवनेश्वर : ओडिशा विधान सभा में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यों ने किसानों के सवाल पर अध्यक्ष बी के अरूख पर सदन स्थगित करने के लिए दबाव बनाते हुए प्रश्नकाल की कार्रवाई बाधित कर दी। सदन के प्रश्नकाल के दौरान भाजपा सदस्य हाथों में बैनर लेकर वेल तक आ गये और कथित रूप से किसान विरोधी सरकारी नीतियों का आरोप लगाते हुए सरकार विरोधी नारेबाजी करने लगे।
आक्रोशित भाजपाइयों ने किसानों को मिलने वाली सब्सिडी और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित राशि मिलने में देरी का आरोप सरकार पर लगाया। भाजपा सदस्यों के प्रदर्शन के बीच अध्यक्ष लगातार सभी से उनके स्थानों पर जाने को कहते रहे और शून्यकाल के दौरान अपनी बात कहने का अनुरोध करते रहे लेकिन सदस्यों ने अध्यक्ष के अनुरोध को नजरअंदाज कर दिया और उनके पोडियम के पास पहुंचकर नारे लगाते रहे।
स्थिति काबू में न आती देख विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्रवाई साढ़े 11 बजे तक स्थगित कर दी लेकिन सदन के दोबारा जुटने पर भाजपाई पहले की तरह ही शोर मचाते रहे और अंत में शोर शराबा करते हुए सदन से बाहर चले गये। इसके बाद भाजपा सदस्यों की गैर मौजूदगी में ही अध्यक्ष ने शून्यकाल की कार्रवाई शुरू करा दी जबकि आंदोलित सदस्यों ने सदन के बाहर जाकर धरना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *