गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

धर्म परिवर्तन कर निकाह करने की कोशिश पर हंगामा

बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिला मुख्यालय पर आज धर्म परिवर्तन कर शादी किए जाने के दौरान हंगामा होने के उपरांत लड़की की शिकायत पर युवक के खिलाफ दुष्कर्म व मप्र धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
बड़वानी के पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोद ने बताया कि 18 वर्षीय अनुसूचित जनजाति की लड़की की शिकायत पर 21 वर्षीय वाहन चालक शोएब उर्फ़ मन्नू खान के विरुद्ध मध्य प्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम व यौन शोषण की धाराओं के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर आज रात्रि उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आज रात्रि हिंदू संगठनों को सूचना मिली थी कि जिला मुख्यालय स्थित जम्बू गली क्षेत्र में एक धार्मिक स्थल के सामने घर में आदिवासी युवती का विवाह कराया जा रहा है।
इसके चलते वहां काफी भीड़ एकत्रित हो गई और तत्काल कोतवाली प्रभारी बलदेव मुजाल्दा के नेतृत्व में पुलिस बल वहां पहुंच गया, और पुलिस युवती तथा शोएब को अभिरक्षा में लेकर सुरक्षित पुलिस थाने ले आयी। उन्होंने बताया कि दरअसल युवती अपनी दादी के साथ रहती है और इस दौरान उसका परिचय शोएब से हुआ जिसे अपना परिचय छुपा कर उसका यौन शोषण किया और आज उससे जबरन विवाह कर रहा था। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गोपनीय रूप से किये जा रहे विवाह के बारे में युवती के माता-पिता तथा मुस्लिम समाज के शहर काजी तथा सदर को भी जानकारी नहीं थी।
उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय के कुछ क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उल्लेखनीय है कि घटनाक्रम का पता चलने पर हिंदूवादी संगठनों ने पहले रंजीत चौक और झंडा चौक और उसके बाद कोतवाली के समक्ष जमकर प्रदर्शन किया और घटना के उपरांत बाजार बंद हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *