मुंबई : एशियाई बाजारों के नकारात्मक रुझान के दबाव में स्थानीय स्तर पर वित्तीय सेवाएं, आईटी, बैंकिंग और टेक समेत छह समूहों में हुई बिकवाली से आज सेंसेक्स फिसल गया जबकि निफ्टी हरे निशान पर बंद हुआ।
बीएसई का तीस शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 45.46 अंक उतरकर 73,466.39 अंक और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी बढ़त के साथ 22,302.50 अंक पर रहा। हालांकि मझौली और छोटी कंपनियों में हुई लिवाली ने बाजार को और अधिक गिरने से बचाया। इस दौरान बीएसई का मिडकैप 0.78 प्रतिशत की छलांग लगाकर 41,531.57 अंक और स्मौलकैप 0.50 प्रतिशत उछलकर 46,148.67 अंक हो गया।
इस दौरान बीएसई में कुल 3926 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ, जिनमें से 2128 में लिवाली जबकि 1667 में बिकवाली हुई वहीं 131 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसी तरह निफ्टी 25 कंपनियां तेजी जबकि 24 गिरावट पर रही वहीं एक के भाव स्थिर रहे।
बीएसई के छह समूहों में गिरावट का रुख रहा। इससे वित्तीय सेवाएं 0.40, हेल्थकेयर 0.03, आईटी 0.57, बैंकिंग 0.38, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स 0.11 और टेक समूह के शेयर 0.29 प्रतिशत टूट गए। वहीं, ऊर्जा 1.67, इंडस्ट्रियल्स 1.79, यूटिलिटीज 0.94, ऑटो 1.18, कैपिटल गुड्स 2.13, धातु 1.61, तेल एवं गैस 1.79, पावर 1.55, रियल्टी 0.65 और सविसेज समूह के शेयरों में 0.80 प्रतिशत की तेजी रही।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एशियाई बाजारों में गिरावट रही। इस दौरान जापान का निक्केई 1.63, हांगकांग का हैंगसेंग 0.90 और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.61 प्रतिशत लुढ़क गया। वहीं, ब्रिटेन का एफटीएसई 0.52 और जर्मनी का डैक्स 0.54 प्रतिशत मजबूत रहा।
शेयर बाजार में घटबढ़
