गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

वडोदरा की वाघोडिया बनेगी नयी नगर पालिका

गांधीनगर : भूपेंद्र पटेल ने वडोदरा जिले के वाघोडिया को नई नगर पालिका बनाने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सरकारी सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि वडोदरा महानगर पालिका (वीएमसी) के समीपस्थ क्षेत्र में स्थित तीन ग्राम पंचायतों वाघोडिया, माडोधर और टिंबी को एकत्र कर इस वाघोडिया नगर पालिका का गठन किया जायेगा। वाघोडिया, माडोधर तथा टिंबी ग्राम पंचायतें वडोदरा महानगर पालिका के विकसित माने जाने वाले वाघोडिया रोड के निकट स्थित ग्राम पंचायतें हैं। इतना ही नहीं इन ग्राम पंचायतों के क्षेत्र में बड़े उद्योग, जीडीसी एवं शैक्षणिक संस्थान भी स्थित हैं।
श्री पटेल ने विकास की गति को ध्यान में लेकर शहरी विकास विभाग की ओर से वाघोडिया को नगर पालिका बनाने के लिए किए गए प्रस्ताव का अनुमोदन किया है। संविधान के प्रावधानों के अनुसार किसी भी क्षेत्र की जनसंख्या, जनसंख्या घनत्व, स्थानीय क्षेत्र की आय और भौगोलिक परिबलों को ध्यान में लेकर ग्राम पंचायतों एवं आउटग्रोथ क्षेत्रों को नगर पालिका में मिलाने का राज्य सरकार को अधिकार प्राप्त है। इस संदर्भ में राज्य के शहरी विकास एवं शहरी गृह निर्माण विभाग ने वडोदरा अंचल के आंचलिक नगर पालिका आयुक्त, वडोदरा जिला कलेक्टर तथा वडोदरा महानगर पालिका आयुक्त के सकारात्मक अभिप्राय के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत वाघोडिया को नगर पालिका बनाने का प्रस्ताव किया था।
मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को स्वीकृत दे दी है। उनके द्वारा वाघोडिया को नई नगर पालिका बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दिए जाने से अब इस क्षेत्र को शहरी सुख-सुविधाओं का व्यापक लाभ मिलेगा और ईज ऑफ लिविंग में भी वृद्धि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *