नई दिल्ली। महाराजा अग्रसेन कॉलेज वार्षिक सांस्कृतिक समारोह के दूसरे दिन विभिन्न सांस्कृतिक व अकादमिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में दिल्ली-एनसीआर के विभीन शैक्षणिक संस्थानों की टीमों व प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. इसके अंतर्गत आर्ट ऑफ लिविंग के सहयोग से आयोजित योग प्रदर्शन प्रतियोगिता में 9 कॉलेजों से 15 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. इसमें प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज ऑफ विमेन से भूमि भारद्वाज रहीं, दूसरे स्थान पर श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वद्यालय से प्रवीण रहे. स्टील लाइफ पेंटिंग प्रतियोगिता में 8 कॉलेजों से 18 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. इनमें से प्रथम पुरस्कार कॉलेज ऑफ आर्ट्स के अंकित को मिला तथा दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय की सुरभि द्वितीय स्थान पर रहीं.
मार्केटिंग सोसायटी द्वारा आयोजित मार्केट योर बिट्स प्रतियोगिता में 15 कॉलेजों से 25 टीमों ने हिस्सा लिया. इसके अंतर्गत ट्रेजर हंट शार्क टैंक टशल ट्रेड आदि प्रतियोगिता का आयोजन किया गया.
इन्क्यूजिटीव सोसायटी द्वारा आयोजित क्विज प्रतियोगिता में आईआईटी दिल्ली, हंसराज कॉलेज, कमला नेहरू कॉलेज, रामानुजन कॉलेज सहित दिल्ली विश्वविद्यालय के अन्य कॉलेजों से कुल 40 टीमों ने हिस्सा लिया.
सेमी क्लासिकल एकल गायन प्रतियोगिता में प्रीतिश ने प्रथम पुरस्कार एवं सुभांगी ने द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया. वेस्टर्न सोलो प्रतियोगिता में सलोनी ने प्रथम स्थान व अनीशा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया. लोक नृत्य प्रतियोगिता में कुल 11 टीमों ने हिस्सा लिया. प्रथम पुरस्कार मैत्रेयी कॉलेज की टीम तथा द्वितीय पुरस्कार वेंकटेश्वर कॉलेज की टीम को मिला.
नार्थ-ईस्ट सोसायटी द्वारा आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में हिन्दू कॉलेज, रामजस कॉलेज, महाराजा अग्रसेन कॉलेज, जेएनयू सहित अन्य शिक्षण संस्थाओं से आयी टीमों ने हिस्सा लिया. जिसमें हिन्दू कॉलेज की टीम विजयी रही.
इसके अतिरिक्त उड़ान के सहयोग से आयोजित स्लैम पोएट्री प्रतियोगिता में दिल्ली विश्वविद्यालय के अलग-अलग संस्थानों से आयी 15 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमे सत्यवती कॉलेज की खुशी को प्रथम पुरस्कार तथा रामानुजन कॉलेज की अनामिका को द्वितीय पुरस्कार मिला.
मंगलवार का आकर्षण सृजन सोसायटी द्वारा आयोजित प्रतियोगिता द बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट रहा. इस प्रतियोगिता में शामिल प्रतिभागियों ने अनुपयोगी वस्तुओं से भी उत्कृष्ट सामग्रियों का निर्माण कर अपनी सृजनात्मकता का प्रदर्शन किया. इसके माध्यम से प्रतिभागियों ने यह प्रदर्शित करने का प्रयास किया कोई भी सामग्री तब तक बेकार नहीं होती, जब तक हम उसे बेकार नहीं मान लेते. इस प्रतियोगिता में दयाल सिंह कॉलेज, कालिंदी कॉलेज, दिल्ली कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड कामर्स, ज़ाकिर हुसैन कॉलेज, राजधानी कॉलेज सहित दिल्ली विश्वविद्यालय के दो दर्जन से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया.. प्रतिभागियों ने कागज, प्लास्टिक, इस्तेमाल की गयी बेकार चीजों की मदद से विभिन्न कलात्मक वस्तुओं का निर्माण किया. इस प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार महाराजा अग्रसेन कॉलेज के पार्थ गुप्ता को प्राप्त हुआ.
