बांदा : उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के बदौसा क्षेत्र में व्यापारी को गोली मार कर 80 हजार रुपए लूटने वाले शातिर लुटेरे को पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने गुरुवार को यहां पत्रकारों को बताया कि कमासिन थाना क्षेत्र के कोर्रा बुजुर्ग गांव निवासी मजदूरों के ठेकेदार मोतीलाल को बदौसा थाना क्षेत्र के नांदन पुरवा गांव की नहर के पास मंगलवार को दो बाइक युवकों ने गोली मार कर 80 हजार रूपये लूट लिये थे।
घटना का पर्दाफाश के लिये पुलिस टीमें गठित की गई। उन्होने बताया कि इसी सिलसिले में बीती देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बदौसा क्षेत्र में चकिया पुल के पास नाकाबंदी की और वहां से गुजर रहे बाइक सवार युवकों को रुकने के लिए कहा जिस पर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया।
जवाबी कार्रवाई में घटना का मुख्य आरोपी जीतू घायल हो गया जिसे मौके पर ही गिरफ्तार किया गया जबकि उसका एक अन्य साथी अंधेरे का लाभ लेकर फरार हो गया। जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ठेकेदार से लूटे गए 51 हजार रुपए व एक मोटरसाइकिल और एक तमंचा आदि मौके से बरामद किया गया। 24 घंटे के अंदर घटना का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जा रहा है।
