गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

शातिर ठग बिहारशरीफ से गिरफ्तार

पिथौरागढ़/नैनीताल : अल्ट्रा टेक सीमेंट कंपनी की डीलरशिप दिलाने के नाम पर 20 लाख रपये की ठगी के मुख्य आरोपी को पुलिस ने बिहार के नालंदा जिला मुख्यालय बिहारशरीफ से गिरफ्तार कर लिया। पिथौरागढ़ पुलिस के अनुसार विगत नौ नवम्बर को पिथौरागढ़ में अल्ट्रा टेक कंपनी की डीलरशिप दिलाने के नाम पर सेवा निवृत्त कर्मचारी खंपा निवासी विण से 20 लाख रुपये की ठगी कर ली गई थी। आरोपियों ने डीलरशिप पंजीकरण, एनओसी, लाइसेंस शुल्क और सीमेंट के 4000 बैग की आपूर्ति के नाम पर 20 लाख रुपये ठग लिये थे।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) लोकेश्वर सिंह के निर्देश पर इस मामले की जांच कनालीछीना के प्रभारी दिनेश चंद्र सिंह को सौंपी गयी। साइबर सेल की मदद से जांच में बिहार के दो आरोपियों के नाम सामने आये। इसके बाद पुलिस ने एक आरोपी विनोद कुमार निवासी उब्राहिम पुर, थाना बिंद, बिहार को घर से गिरफ्तार कर लिया जबकि मुख्य आरोपी प्रिंस निवासी कांटा पार, थाना लहेरी, बिहार शरीफ, बिहार गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलता रहा। आखिरकार उसे पुलिस ने बिहारशरीफ से गिरफ्तार कर लिया।
एसपी श्री सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बेहद शातिर किस्म का है। आरोपी ने ठगी के लिए फर्जी वेबसाइट के साथ ही कंपनी का फर्जी डोमेन तैयार किया और लोगों को विश्वास में लेकर उनके बैंकों में खाते खुलवाए। यही नहीं उनमें अपना मोबाइल नंबर पंजीकृत करवा लिया। आरोपी इन खातों में ठगी की रकम मंगवाकर एटीएम से निकाल लेता। आरोपी ने ठगी की 20 लाख रुपए की रकम पूर्व में गिरफ्तार विनोद के खाते में मंगवाई थी। बाद में उसे निकाल लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *