भोपाल : शिवराज सिंह चौहान ने इन दिनों प्रदेश में चल रहीं विकास यात्राओं के संदर्भ में आज कहा कि ये यात्राएं बहुउद्देश्यीय हो गई हैं और इनके माध्यम से जनसेवा का एक महायज्ञ चल रहा है।
चौहान ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि विकास यात्रा सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में चल रही है। विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत, जो जिस प्रकार से पात्र निकले उनको स्वीकृति देने का काम हो, जनसेवा का एक महायज्ञ चल रहा है।
उन्होंने कहा कि कई जिलों ने नवाचार किए हैं। गुना जिले में विकास की दीवार, प्रत्येक पंचायत में बना रहे हैं। विकास के जितने काम है उनको अंकित कर रहे हैं। मंडला जिले में ई पुस्तकालय, सामान्य पुस्तकालय और विकास उपबंध शुरू हो रहे है।
चौहान ने क्रमवार गिनाते हुुए बताया कि राजगढ़ जिले में हितग्राहियों को जन अधिकार पत्र जारी किए जा रहे हैं। जिसमें संबंधित हितग्राहियों को प्राप्त होने वाली योजनाओं के नाम अंकित है। सीहोर जिले में सुरक्षित सीहोर अभियान चल रहा है, जिसके अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री बीमा योजना से जोड़ने का काम हो रहा है। श्योपुर जिले के सभी ग्राम में चीता स्वागत रैली और वनों की रक्षा हेतु कुल्हाड़ी त्यागो अभियान संचालित किया जा रहा है। झाबुआ जिले में बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करके यदि पोषण का स्तर कम निकलता है तो उन्हें पोषण कार्ड दिए जा रहे हैं।
मुुख्यमंत्री ने बताया कि इंदौर में ई बुक का निर्माण, रूफ वाटर हार्वेस्टिंग और जनभागीदारी से आंगनबाड़ियों को समृद्ध किया जा रहा है। कहीं-कहीं अमृत सरोवर से कलश यात्रा जल संरक्षण का संदेश दे रही है। कई जगह गांव के बुजुर्गों का या गांव की प्रतिभाओं का अच्छे खिलाड़ी, सेवा में आने वाले बच्चे, उनको सम्मानित करने का काम किया जा रहा है।
चौहान ने कहा कि ये विकास यात्रा बहुउद्देशीय हो गई है। अनेकों प्रकार के नवाचार ग्राम पंचायतों या शहर वार्डों में किए जा रहे हैं।
बहुउद्देश्यीय हो गईं हैं विकास यात्राएं
