चित्तौड़गढ़ : राजस्थान में चित्तौड़गढ़ जिले में नारेला के ग्राम विकास अधिकारी संदीप सिपाणी को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आज चार हजार दो सौ रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाशसिंह सांदू ने बताया कि परिवादी देवीलाल गुर्जर ने गत दिनों चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की ग्राम पंचायत नारेला के विकास अधिकारी संदीप सिपाणी के विरूद्ध शिकायत दर्ज करवाई कि उसने पंचायत क्षेत्र में सीसी सड़कें बनाई एवं अन्य कार्य किये जिनके बिल पास करने की एवज में सिपाणी ने पांच प्रतिशत कमीशन के 15 हजार रूपये पहले ही ले लिये और अब कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र जारी करने की एवज में 6 हजार रूपये मांग रहा है।
शिकायत के सत्यापन के दौरान 1800 रूपये के जेसीबी बिल देना तथा 4200 रूपये नकद देना तय हुआ। सिपाणी ने परिवादी को आज पैसे लेकर चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति परिसर में बुलाया जहां पर जेसीबी का बिल व रिश्वत राशि लेते ब्श्ूरो के दल ने उसे दबोच लिया। आरोपी अपने पिता की मृत्यु पर अनुकम्पा नियुक्ति पर लगा था। ब्यूरो इसे कल उदयपुर स्थित विशेष अदालत में पेश करेगा।
ग्राम विकास अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार
