गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

पुलिस के साथ राधास्वामी सत्संगियों की हिंसक झड़प

आगरा : उत्तर प्रदेश में आगरा के थाना न्यू आगरा अंतर्गत दयालबाग में रविवार को सरकारी जमीन पर से अवैध कब्जा हटाने गई पुलिस पर राधास्वामी सत्संग सभा के सत्संगियों ने हमला कर दिया। हजारों की संख्या में जुटे सत्संगियों ने पुलिस को घेर लिया और लाठी-डंडे से हमला किया। सत्संगियों के बेकाबू होने के बाद पुलिस ने उन्हें भगाने के लिए लाठीचार्ज किया। इस पर सत्संगी पथराव करने लगे, जिसमें डीसीपी और एसीपी समेत करीब 20 पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। घटना की कवरेज करने पहुंचे कई मीडियाकर्मी भी चोटिल हुए हैं। घायलों में सात-आठ सत्संगी भी बताए गए हैं।
सत्संगियों की भीड़ को देखते हुए और अधिक फोर्स बुलाई गई है। पांच – छह साल के बच्चे और महिलाएं भी छत से पत्थर फेंक रहे थे। पुलिस-प्रशासन और सत्संगियों के बीच शनिवार से ही तनाव का माहौल बना हुआ है। जैसे ही रात हो रही है कि पुलिस की दिक्कत बढ़ रही है और फोर्स आने का इंतजार किया जा रहा है। दरअसल, शनिवार को प्रशासन ने सरकारी भूमि और रास्तों पर किए गए अवैध कब्जे पर बुलडोजर चला दिया था। इसके बाद सभा ने गेट लगा दिया था। प्रशासन ने उसे फिर तोड़ा और गेट भी अपने साथ ले गए। इसके बाद प्रशासन को उम्मीद थी कि अब गेट नहीं लगेगा। लेकिन कुछ घंटे बाद ही रात में सत्संग सभा ने फिर से गेट लगा दिया। इसके बाद राजस्व विभाग की ओर से सत्संग सभा के सदस्यों पर मुकदमा दर्ज कराया गया। इसमें 12 लोगों को नामजद किया गया।
इसी के चलते फोर्स फिर से अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। पीएसी और बड़ी संख्या में सत्संगी भी मौके पर पहुंचे। इनमें महिला, पुरुष और बच्चे भी शामिल रहे। इसके बाद फोर्स के सामने राधा स्वामियों ने डंडों के साथ प्रदर्शन शुरू कर दिया। सत्संगियों ने चारों तरफ से पुलिस को घेर लिया। साथ ही पथराव भी किया। उनकी ओर की महिलाएं बुलडोजर पर चढ़ गई। इसके बाद पुलिस ने लाठियां चलाना शुरू किया। दोनों ओर से बड़े टकराव के हालात बने हुए हैं। पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं।
राजस्व विभाग की ओर से थाना न्यू आगरा में एक और मुकदमा दर्ज कराया गया है। सत्संग सभा के पदाधिकारी अनूप श्रीवास्तव सहित 12 सदस्यों को नामजद किया गया है। इसमें आरबी यादव, प्रवीन कुमार, देवेश भटनागर, मेहर केसरवानी, गुरचरन, अक्षत सत्संगी, सरन प्रकाश गुप्ता, लक्की सत्संगी, सुरेश, सौरभ राणा और गुरुदेव सिंह है। इसके अलावा करीब दो दर्जन गाड़ियों के नंबर भी दर्ज किए गए हैं।
राजस्व विभाग ने आरोप लगाया है कि कार्रवाई के दौरान सत्संग सभा के अनूप श्रीवास्तव और आरबी यादव के साथ सैकड़ों की संख्या में लोग आए। इनके द्वारा लोगों को बलवे के लिए उकसाया गया, जिससे अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई।
इस बीच सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने भी मामले को लेकर ट्वीट किया। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए लिखा, “ इस अन्याय के विरोध में समाजवादी पार्टी राधास्वामी सत्संग के साथ खड़ी है। और दयालबाग को बचाने की मुहिम में हर तरह से साथ है। भाजपा का धर्म-विरोधी बुलडोजर जनता नहीं सहेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *